लोकमंत्रा ब्रेकिंग
Pradesh Lokmantra

छठ पूजा को लेकर सरगुजा पुलिस का सुरक्षा और यातायात प्लान जारी: शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, 400 जवान संभालेंगे कमान

घाटों पर कड़ा पहरा, गोताखोर और सादी वर्दी में टीम तैनात

14 नवंबर दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक रिंग रोड व शहर में मालवाहक वाहन प्रतिबंधित, कई यात्री बसों के रूट में भी बदलाव

अंबिकापुर- सूर्योपासना के महापर्व छठ (14 से 16 नवंबर) के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात का पुख्ता खाका तैयार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भापुसे) के निर्देश पर जिले में 400 से अधिक पुलिस अधिकारियों व जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही शहर में सुगम यातायात के लिए रूट एडवाइजरी जारी करते हुए 46 घंटे के लिए भारी व मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

घाटों पर कड़ा पहरा, गोताखोर और सादी वर्दी में टीम तैनात

जिले के कुल 13 प्रमुख छठ घाटों पर 244 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सर्वाधिक भीड़ वाले खर्रा नदी (घुनघुट्टा बांध) और शंकरघाट (रामानुजगंज रोड) पर 45-45 जवानों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी अप्रिय घटना या जल दुर्घटना से निपटने के लिए सभी घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों और अग्निशमन दलों को तैनात किया गया है। चेन स्नेचिंग और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादी वर्दी में पुलिस टीम नजर रखेगी। इसके अलावा 5 पेट्रोलिंग पार्टियां और 2 बाइक पेट्रोलिंग टीमें दो शिफ्टों में लगातार गश्त करेंगी।

यातायात एवं रूट एडवाइजरी: घर से निकलने से पहले पढ़ें

 मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री

 

14 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर को सुबह 10 बजे तक शहर और रिंग रोड में भारी व मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इन्हें शहर की सीमा से पहले इन 6 पॉइंट्स पर रोका जाएगा:

 

 * रायगढ़ रोड: दरिमा मोड़

 * बिलासपुर रोड: सांड़बार बैरियर

 * मनेन्द्रगढ़ रोड: अजिरमा बैरियर

 * बनारस रोड: एफसीआई गोदाम (चठिरमा)

 * रामानुजगंज रोड: ककना मोड़

 * प्रतापपुर रोड: आरटीओ ऑफिस के पास

 * यात्री बसों और चारपहिया वाहनों का परिवर्तित मार्ग

 * यथावत रूट: न्यू बस स्टैंड से रायपुर, रायगढ़, बनारस, वाड्रफनगर और मनेन्द्रगढ़ की ओर जाने वाली बसें अपने पुराने मार्ग से ही चलेंगी।

 * प्रतापपुर मार्ग: न्यू बस स्टैंड से प्रतापपुर जाने वाली बसें गांधी चौक, अंबेडकर चौक, बनारस मार्ग, सांई कॉलेज, डिगमा और सरगवां होकर गुजरेंगी।

 * रामानुजगंज मार्ग: रामानुजगंज जाने वाली बसें गांधी चौक, अंबेडकर चौक, बनारस मार्ग, सांई कॉलेज, डिगमा, सरगवां, चिखलाडीह, सिधमा और ककना होकर जाएंगी। वहीं, रामानुजगंज की ओर से आने वाली बसें व चारपहिया वाहन भकुरा नवापारा होते हुए सरगवां-सकालो के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे।

 * दरिमा मार्ग: लुचकी से दरिमा आने-जाने वाले वाहनों को करजी चौक से तथा नवानगर व दमाली से दरिमा की ओर जाने वाले वाहनों को एयरपोर्ट तिराहा से डायवर्ट किया गया है। शंकरघाट और घुनघुट्टा बांध की ओर जाने वाले सामान्य चारपहिया वाहनों का मार्ग भी परिवर्तित रहेगा।

 * श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल

   घाटों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने 6 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है:

 * चारपहिया वाहन: संजय पार्क के सामने और घुनघुट्टा नदी के पास।

 * दोपहिया वाहन: सूटन ढाबा के पास और घुनघुट्टा नदी के पूर्व दिशा में।

 * अन्य पार्किंग स्थल: खनिज बैरियर के पास और मोंटफोर्ट स्कूल के पास।

सम्बन्धित खबरें • Related Coverage