जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने आगे आए 117 लोग, चर्च ऑफ गॉड ने लगाया रक्तदान शिविर
शासकीय मेडिकल कॉलेज में 27.2 लीटर रक्त संग्रहित, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह
अंबिकापुर- किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त मिलना उसके जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी मानवीय उद्देश्य को लेकर चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी ने अंबिकापुर में विश्व रक्तदान अभियान का आयोजन किया। 22 नवंबर को आर.एस.डी.के.एस. शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित शिविर में 117 लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान 27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित हुआ।
अभियान में चर्च के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह दिखाया। कार्यक्रम में करीब 240 लोग पहुंचे। रक्तदान से पहले सभी प्रतिभागियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद चिकित्सकीय निगरानी में रक्तदान की प्रक्रिया पूरी की गई।

नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाओं की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक होती है। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने भी रक्तदान को जीवनदान देने वाला कार्य बताते हुए संस्था की पहल को सराहनीय कहा।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राकेश निगम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आर.सी. आर्य, असिस्टेंट मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जी.के. दामले एवं सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी भी उपस्थित रहे।
रक्तदान करने वाले सत्यदीप टोप्पो, रेशमा खेस, प्रबोध कुजुर और पवन तिग्गा ने इसे दूसरों की जिंदगी में खुशियां लाने वाला अनुभव बताया। संस्था के अधिकारी किरण चौहान ने बताया कि वर्ष 2005 से संचालित यह वैश्विक अभियान अब 68 देशों में पहुंच चुका है।



